
बरेली। एटा की किशोरी से बरेली सिटी स्टेशन के पास दुष्कर्म की घटना में जीआरपी ने पुलिस को जानकारी न देकर वह गोल्डन ऑवर (स्वर्णिम समय) खो दिया जब आरोपी दरिंदे को आसानी से पकड़ा जा सकता था। हालांकि अब पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। आठ टीमों में बरेली पुलिस की दोनों एसओजी शामिल हैं, वह लाल शर्ट वाले संदिग्धों की धरपकड़ में जुट गई हैं। बृहस्पतिवार रात किशोरी के साथ घटना की जानकारी जीआरपी सिटी स्टेशन प्रभारी आशुतोष शुक्ला को बृहस्पतिवार रात नौ बजे तक हो गई थी। इसके बाद उन्होंने जंक्शन थाना प्रभारी परवेज व अपने उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी थी।
एसपी जीआरपी भी मुरादाबाद से आ गए लेकिन स्थानीय पुलिस या अधिकारियों को सूचना नहीं दी गई। रात करीब साढ़े 12 बजे जब जिला अस्पताल से मेमो कोतवाली पहुंचा तो पुलिस को घटना की जानकारी हुई। करीब चार घंटे के इस अंतराल में ऐसी दुकानें भी बंद हो चुकी थीं, जहां कैमरे लगे थे। वहीं अपने सीमित संसाधनों से केवल स्टेशन पर गतिविधियां देखने वाली जीआरपी के पास आसपास के शातिरों का कोई रिकार्ड भी नहीं था और न ही इधर-उधर भागने के रास्ते पता थे। इस वजह से रात भर की कवायद में कोई सफलता नहीं मिल सकी।
बृहस्पतिवार रात में मौके पर पहुंचे एसएसपी ने एसपी जीआरपी से बात की। फिर आठ टीमों का गठन किया गया। इनमें चार टीम जीआरपी, दो स्थानीय पुलिस और दो एसओजी की टीम शामिल हैं। शुक्रवार सुबह से ही एसओजी व पुलिस की टीमें सिटी स्टेशन से लेकर मढ़ीनाथ व आगे तक घूमकर मॉनीटरिंग करती रहीं। इस दौरान घटनास्थल का नक्शा बनाने से लेकर आसपास संचालित बीटीएस से यहां रात में सक्रिय मोबाइल नंबरों की जानकारी करने तक के काम किए गए। कोतवाली व सुभाषनगर पुलिस ने स्थानीय मुखबिर भी आरोपी की पहचान के लिए लगाए हैं।
रात में ही किशोरी को भोजीपुरा स्थित निजी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां शुक्रवार को उसका ऑपरेशन किया गया तो ब्लीडिंग बंद हुई। डॉक्टरों के मुताबिक अभी एनेस्थीसिया का असर होने से किशोरी अचेत अवस्था में है। शनिवार सुबह तक वह काफी हद तक सही हो जाएगी। पुलिस ने भी डॉक्टरों से इस बारे में बात की है। पुलिस की संयुक्त टीम आसपास के ऐसे संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है जिनकी उम्र 50 साल के करीब है। बाल कुछ सफेद भी हैं और वह कल लाल शर्ट पहने था। पुलिस का मानना है कि आरोपी ट्रेन का मुसाफिर नहीं हुआ तो जरूर इसी इलाके का नशेड़ी या खुराफाती रहा होगा। ऐसे में किशोरी को इन संदिग्धों के फोटो व विजुअल दिखाकर आरोपी की पहचान कराई जा सकेगी।
एटा निवासी किशोरी के पिता ने जीआरपी सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह 16 वर्षीय बेटी व छह साल के बेटे और कासगंज के कुछ रिश्तेदारों के साथ पूर्णागिरि देवी का दर्शन करके टनकपुर से रात करीब सात बजे बरेली सिटी स्टेशन पर आ गए थे। यहां से उन्हें बांद्रा टर्मिनल साप्ताहिक ट्रेन से कासगंज जाना था। करीब साढ़े आठ बजे ट्रेन आई तो वह लोग प्लेटफार्म नंबर तीन से उसमें चढ़ गए। अंदर जाकर पता लगा कि वह स्लीपर व रिजर्व वाले कोच में आ गए हैं। तब वह और उनके रिश्तेदार चलती ट्रेन से उतर गए। लेकिन उनकी बेटी ट्रेन में ही रह गई। वह एक से दूसरे कोच में भटकती रही।
बेटी को वो लोग प्लेटफार्म पर ही खोजते रहे। थोड़ी देर बाद उनकी बेटी प्लेटफार्म नंबर एक की ओर आती दिखाई दी तो उसके साथ दो पुलिसकर्मी भी थे। वह बहुत घबराई हुई थी और चल नहीं पा रही थी। बेटी ने बताया कि उसके साथ एक व्यक्ति ने गलत काम किया है। स्टेशन से कुछ दूर ट्रेन बढ़ने पर जब वह पिता व अन्य लोगों को देखने एक कोच से दूसरे में होकर गेट की ओर बढ़ी तो वह व्यक्ति भी उसके पीछे लगा रहा। फिर मढ़ीनाथ पुल के पास आउटर पर उसने उसे धक्का दे दिया। ट्रेन हल्की गति से बढ़ रही थी तो आरोपी भी कूद गया और उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया।
सिटी स्टेशन को कुछ समय पहले ही अमृत भारत योजना के तहत 10 करोड़ 97 लाख रुपये लगाकर चमकाया गया है। स्टेशन अब नए कलेवर में काफी आकर्षक बनाया गया है। यहां नए कैमरे लगाने के लिए फिटिंग भी की गई है लेकिन अब तक एक भी सीसीटीवी नहीं लगाया गया है। जाहिर है कि ट्रेन काफी समय तक स्टेशन पर खड़ी रही। माना जा रहा है कि इस दौरान आरोपी भी स्टेशन पर रहा होगा। अगर स्टेशन पर सीसीटीवी लगे होते तो उसकी पहचान मिनटों में हो सकती थी। काफी तलाश करने पर आरपीएफ गेट के पास एक कैमरा मिला, जिससे स्टेशन पर आने जाने वालों की गतिविधि पता लग रही थी। हालांकि अंधेरे में इसकी फुटेज स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। अब मढ़ीनाथ के आसपास के इलाके के कैमरे तलाशे जा रहे हैं। इनमें दिखने वाले संदिग्धों के मोबाइल की लोकेशन भी देखी जा रही है।
जीआरपी के अधिकारी संपर्क में हैं। एसओजी व सर्विलांस की टीमें रात से ही लगा दी गई थीं। अलविदा की नमाज के बाद कोतवाली पुलिस को भी सहयोग में लगाया है। किशोरी की हालत सही होने पर उसे संदिग्धों के फोटो व विजुअल दिखाएंगे। जल्दी ही आरोपी की पहचान कर ली जाएगी। – अनुराग आर्य, एसएसपी बरेली