![](https://i0.wp.com/spiritofuttarakhand.in/wp-content/uploads/2025/02/Untitled-1-17.jpg?fit=600%2C350&ssl=1)
आगरा। आगरा के शास्त्रीपुरम (सिकंदरा) स्थित कांशीराम आवास में मंगलवार रात को महिला मित्र के घर जन्मदिन पार्टी में गए ऑनलाइन कंपनी के डिलीवरी ब्वाॅय सागर चाैधरी (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के दोस्ताें ने बुधवार सुबह घर आकर परिजन को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने महिला मित्र सहित तीन पर बेटे को घर की दूसरी मंजिल से फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आवास विकास कालोनी सेक्टर-3 निवासी आकाश ने बताया कि उनके भाई सागर चौधरी पर मंगलवार रात तकरीबन 8 बजे मोबाइल पर उसके दोस्त सचिन का काॅल आया था। इस पर वो घर से स्कूटर लेकर निकल गया। रातभर उसका पता नहीं चला। रात में उसके मोबाइल पर घंटी जाती रही, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। बुधवार सुबह दोस्तों गोल्डी और पवन ने घर आकर जानकारी दी। सिकंदरा थाना के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के भाई आशीष की तहरीर पर हेमा, सनी और मंजू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में पता चला है कि सागर महिला मित्र हेमा के घर जन्मदिन में जाने की परिजन से बोलकर गया था। आरोप है कि महिला मित्र के घर पर जन्मदिन की पार्टी थी। वहां पर सिकंदरा के गांव मोहम्मदपुर निवासी सनी भी आया था। सनी और महिला पहले जानते हैं। पड़ोसी मंजू के साथ मिलकर तीनों ने सागर को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में जांच की जा रही है। साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। मृतक बिचपुरी के प्रधान प्रदीप सिंह की पत्नी का भाई था।