
चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले में शुक्रवार देर रात एक तेंदुए के घर में घुस आने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित सिमल्टा गांव में एक तेंदुए ने घर के भीतर टीवी देख रहे 64 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला कर दिया। इस दौरान मायके आई उनकी बेटी किरण पांडे ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए न केवल पिता की जान बचाई, बल्कि हमलावर तेंदुए को घर के भीतर ही बंद कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सुरेश चंद्र पांडे (64) भोजन के बाद अपने घर में टीवी देख रहे थे। तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ देर के लिए घर में अफरा-तफरी मच गई।
बेटी बनी पिता की ढाल
हमले के समय कुछ दिनों के लिए मायके आई उनकी बेटी किरण पांडे मौके पर मौजूद थीं। उन्होंने बिना घबराए तेंदुए का सामना किया और किसी तरह अपने पिता को उसके चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए तेंदुए को घर के भीतर ही बंद कर दिया, जिससे वह बाहर निकलकर अन्य लोगों पर हमला नहीं कर सका।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते किरण साहस नहीं दिखातीं तो घटना कहीं अधिक गंभीर हो सकती थी।
वन विभाग ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम ने सुरक्षित तरीके से तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली।
घायल बुजुर्ग का अस्पताल में उपचार
हमले में घायल सुरेश चंद्र पांडे को तत्काल जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वन विभाग ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी भी बढ़ा दी गई है।




