
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने शहरी विकास विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड पालिका (केन्द्रीयित) राजस्व सेवा में कर एवं राजस्व निरीक्षक (Tax and Revenue Inspector) के 29 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग ने बुधवार से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने और निर्धारित शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 4 अगस्त 2026 तय की गई है। आवेदन जमा करने के बाद यदि किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है तो अभ्यर्थियों को 12 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा।
भर्ती के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) की डिग्री अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी का नाम आवेदन की अंतिम तिथि तक उत्तराखंड के किसी भी सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत होना आवश्यक होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल पात्र अभ्यर्थियों के आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे।
आयु सीमा की बात करें तो 1 जुलाई 2026 को अभ्यर्थी की आयु 21 वर्ष से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अन्य आरक्षित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन शुल्क भी श्रेणीवार निर्धारित किया गया है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 166.36 रुपये, एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 76.36 रुपये, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को 16.36 रुपये आवेदन शुल्क के रूप में जमा करना होगा।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा में उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम-2023 के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधन या अनियमितता पाए जाने पर अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन, पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा प्रक्रिया और अन्य सभी शर्तों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें तथा अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन पूरा करें। भर्ती से जुड़ी सभी सूचनाएं और अपडेट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।




