
कानपुर | उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर क्षेत्र में एक वायुसैनिक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी समारोह से लौट रहे वायुसेना के कार्पोरल नितीश सचान को पूछताछ के नाम पर रोका गया और विरोध करने पर दरोगा व सिपाही ने उनके साथ अभद्रता की। पिटाई के दौरान उनके कान का पर्दा फट गया, जिससे मामला गंभीर हो गया है।
घाटमपुर निवासी नितीश सचान वर्तमान में वायुसेना में कार्पोरल के पद पर गुजरात के जामनगर में तैनात हैं। पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए वे अपने गृह जनपद आए हुए थे। 19 फरवरी की रात वह एक गेस्ट हाउस से पैदल घर लौट रहे थे, जबकि उनके साथ आए अन्य लोग वाहन लेकर पीछे आने वाले थे। इसी दौरान एक नर्सिंग होम के सामने पुलिस की बोलेरो गाड़ी से पहुंचे सब-इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह बुंदेला और हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू कर दी।
नितीश के अनुसार उन्होंने अपना परिचय दिया और समारोह से लौटने की बात बताई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया। विरोध स्वरूप उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, जिस पर पुलिसकर्मी भड़क गए। आरोप है कि अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाकर उनसे मोबाइल का लॉक खोलने का दबाव बनाया गया। बात न मानने पर उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई।
पीड़ित का आरोप है कि उन्हें थप्पड़, लात-घूंसे और डंडों से पीटा गया, जिससे उनके कान का पर्दा फट गया। अगले दिन सुबह परिजनों के थाने पहुंचने पर शांति भंग की धाराओं में चालान कर उन्हें रिहा कर दिया गया। पीड़ित की मां ने मामले की शिकायत दीपेंद्र नाथ चौधरी (डीसीपी साउथ) से की है और न्याय की मांग की है। डीसीपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए एडीसीपी साउथ को निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में पुलिसकर्मी दोषी पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।







