
देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेशभर में सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही है। मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में पाला और शीतलहर ठंड को और तीखा बना रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चम्पावत और पौड़ी जिलों के कई हिस्सों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण कुछ मैदानी क्षेत्रों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रह सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
आने वाले दिनों के मौसम की बात करें तो प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि छह जनवरी को पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके बाद सात से 10 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।
रविवार को देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पहाड़ी इलाकों में शीतलहर के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को सुबह और शाम के समय ज्यादा ठिठुरन महसूस हो रही है।
पर्यटन नगरी मसूरी में बीते दो दिनों से मौसम का मिजाज खासा कड़क बना हुआ है। तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। रविवार सुबह हल्की धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन दोपहर बाद घने कोहरे ने शहर को अपनी चपेट में ले लिया। ठंडी हवाओं के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। अधिकतम तापमान करीब तीन डिग्री तक गिर गया।
चौक-चौराहों पर ठंड से बचने के लिए पर्यटक और स्थानीय लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि शहर में पिछले दो दिनों से ठंड में इजाफा हुआ है और पालिका प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। ठंड से राहत के लिए विभिन्न स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से कोहरे और ठंड को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर सुबह और देर रात वाहन चलाने वालों को विशेष सतर्कता रखने की सलाह दी गई है।




