
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली में देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक और बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जबरन देह व्यापार के धंधे में फंसी चार लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मालरोड और बाहणु पुल के आसपास लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसके बाद थाना प्रभारी मनीष शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और जाल बिछाया। बाहणु पुल के पास दबिश देकर 22 वर्षीय निक्की परमार उर्फ योगी और धर्मेंद्र सोल्की को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के ग्वालियर के निवासी बताए जा रहे हैं।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी बाहरी राज्यों से लड़कियों को लाकर जबरन इस अवैध धंधे में धकेल रहे थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया और उन्हें संरक्षण में भेज दिया। आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि पर्यटन सीजन और नववर्ष के दौरान इस तरह के गिरोहों के सक्रिय होने की आशंका रहती है, जिसको देखते हुए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि बीते एक सप्ताह में यह दूसरा गिरोह पकड़ा गया है। इससे पहले भी मालरोड क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
पुलिस का कहना है कि मनाली की छवि को धूमिल करने वाली ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।






