
बरेली। बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑन डिमांड तमंचा बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे पांच तमंचे बरामद हुए हैं। आरोपियों ने अपना नाम गांव किला चंदन नगर रामपुर रोड किला निवासी आकाश और करण बताया। गिरोह का सरगना फरार है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का सरगना अमन है, जो शातिर लुटेरा है। अमन बाइक चोरी कर उसी बाइक से लूटपाट करता है। वह अपने दोस्त आकाश के साथ मिलकर असलहा फैक्टरी चलाता है। आरोपी एक तमंचा चार से पांच हजार रुपये में लड़कों और आपराधिक गिरोह को बेचता है।
आरोपियों ने बताया कि लोकसभा चुनाव में अवैध असलहों की मांग बढ़ जाती है। इसलिए ऑन डिमांड तमंचे बनाते थे। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए बाइक पर पुलिस को स्टीकर लगा रखा था। गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगा होने से पकड़े नहीं जाते थे। दोनों की कई-कई गर्लफ्रेंड हैं, जिनका खर्च और अपने शौक पूरा करने के लिए अपराध करते थे।
अमन तीन माह पूर्व अवैध असलहा से फायरिंग करने के प्रकरण में जेल भी जा चुका है। अमन ने फिल्में देखकर अपना गिरोह खड़ा किया है। उसकी गर्लफ्रेंड भी अवैध असलहा से फायरिंग के मामले में जेल जा चुकी है। करण व आकाश के मोबाइल फोन में असलहा फैक्टरी व अवैध गतिविधियों से संबंधित कई फोटोग्राफ और वीडियो मिले हैं।