
कौशांबी ( उत्तर प्रदेश) जिले में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट में 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हैं। धमाके की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल के बगल से गुजर रही दिल्ली-हावड़ा रेल लाइन पर करीब एक घंटे तक ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है।
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, घटनास्थल के करीब पहुंची अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस को मनौरी रेलवे स्टेशन पर वापस भेज दिया गया, जबकि दिल्ली से बनारस जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस को एक स्टेशन पीछे सैयद सरावा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।
वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने फैक्ट्री संचालन की सूचना दर्ज नहीं कराने के मामले में पिपरी थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर और दो बीट आरक्षियों को निलंबित कर दिया है।






