
नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां गांव स्थित ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये मूल्य की पालकालीन दुर्लभ प्रतिमाएं चोरी कर लीं। चोरी गई मूर्तियों में भगवान विष्णु, सूर्य देव और भगवान बुद्ध की एक खंडित प्रतिमा शामिल है। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि स्थानीय लोगों ने ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, देर रात अज्ञात चोर मंदिर का ताला और कुंडी तोड़कर भीतर घुस गए। चोरों ने मंदिर में रखी बहुमूल्य प्राचीन प्रतिमाओं को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। सुबह जब ग्रामीण रोजाना की तरह मंदिर की साफ-सफाई और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। अंदर प्रवेश करने पर भगवान विष्णु, सूर्य देव और भगवान बुद्ध की प्रतिमाएं गायब थीं, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
गौतम बुद्ध विकास समिति के सचिव राजीव कुमार ने बताया कि मंदिर का ताला और कुंडी टूटी हुई थी तथा सींकड़ सीढ़ियों पर पड़े मिले। प्रतिमाओं के गायब होने की पुष्टि होते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसे धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत पर हमला बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि चोरी हुई भगवान विष्णु और सूर्य देव की पालकालीन दुर्लभ प्रतिमाएं पिछले वर्ष गांव के तालाब की खुदाई के दौरान जमीन से प्राप्त हुई थीं। उनके ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व को देखते हुए उन्हें सुरक्षित रखने के उद्देश्य से तेतरावां के बुद्ध मंदिर में स्थापित किया गया था। इन प्रतिमाओं को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचते थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन मूर्तियों का महत्व केवल धार्मिक नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण था।
घटना की सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
मानपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद तेतरावां गांव के लोगों ने ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि पुरातात्विक महत्व की धरोहरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण ऐसे अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मंदिर परिसर में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है।







