
देहरादून। हरिद्वार जनपद के पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र स्थित बाजुहेड़ी गांव में गुरुवार देर रात पारिवारिक विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आपसी कहासुनी के दौरान प्रधान पति पर अपने सगे भाई को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, बाजुहेड़ी गांव निवासी किशोर सैनी और उसके भाइयों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। गुरुवार रात किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया, जिससे उसका भाई राजेश उर्फ राजू सैनी (50 वर्ष) गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुमित पांडेय, पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी।
घायल राजेश को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद प्रारंभिक कारण के रूप में सामने आया है। हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




