
देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। संवेदनशील इलाकों, नदी-नालों के किनारे और जलभराव संभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना या आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रात से ही विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमें नदी-नालों के किनारे बसे इलाकों में पहुंचकर लोगों को लाउड हेलर (लाउडस्पीकर) के माध्यम से लगातार सतर्क कर रही हैं। बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के समीप न जाने और बच्चों को भी इन क्षेत्रों से दूर रखने की अपील की जा रही है। साथ ही संभावित खतरे वाले स्थानों पर रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल को भ्रमणशील रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। पुलिस टीमें स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ समन्वय बनाकर हालात पर लगातार नजर रख रही हैं।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस कंट्रोल रूम से भी लगातार मौसम और वर्षा की स्थिति की निगरानी की जा रही है ताकि जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव दलों को तुरंत सक्रिय किया जा सके।
दून पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाएं तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति, जलभराव, भूस्खलन या अन्य खतरे की सूचना तुरंत पुलिस अथवा आपदा नियंत्रण कक्ष को देने का आग्रह किया गया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में टीमें चौबीसों घंटे सक्रिय रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।




