
रुड़की। पाकिस्तानी गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप में यूपी एटीएस की गिरफ्त में आए रुड़की के ढंढेरा निवासी मुशर्रफ से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाला मुशर्रफ केवल पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है, लेकिन जांच एजेंसियों के अनुसार वह संदिग्ध नेटवर्क के संपर्क में आ गया था। एटीएस अब उसके संपर्कों, गतिविधियों और कथित साजिशों की गहन जांच में जुटी हुई है।
सूत्रों के अनुसार मुशर्रफ ने पूछताछ में बताया कि उसका परिवार आर्थिक रूप से सामान्य स्थिति में है। उसका पिता गांव में चिनाई मिस्त्री का काम करता है, जबकि भाई बाइक मैकेनिक का काम सीख रहा है। मुशर्रफ ने पहले बढ़ईगिरी सीखी और बाद में वेल्डिंग का काम शुरू कर दिया। बीती 12 मई को वह मसूरी के कैंपटी गांव पहुंचा था, जहां वह एक ठेकेदार के साथ वेल्डिंग का काम कर रहा था।
जांच में सामने आया कि मुशर्रफ की दोस्ती सहारनपुर जिले के ढिक्का कलां निवासी महकाब से लुधियाना में काम करने के दौरान हुई थी। महकाब वहां एक कार कंपनी में वेल्डिंग कार्य का ठेका लिए हुए था। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई। पूछताछ में मुशर्रफ ने यह भी बताया कि उसके मोबाइल फोन में मिला पाकिस्तानी नंबर महकाब ने ही सेव कराया था।
एटीएस सूत्रों के अनुसार मुशर्रफ ने पूछताछ में एक और गंभीर खुलासा किया। उसने बताया कि वह अपने एक रिश्तेदार के कहने पर जालंधर रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक अस्पताल में वेल्डिंग का काम करने गया था। वहां एक नर्स से अभद्रता के आरोप में उसके साथ काम कर रहे युवक की बाउंसरों ने पिटाई कर दी थी। मुशर्रफ का दावा है कि इस दौरान उसके साथ भी धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हुई थी।
इस घटना के बाद कथित रूप से गुस्से में आकर उसने महकाब को एक वॉयस मैसेज भेजा, जिसमें अस्पताल को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। पूछताछ में उसने बताया कि महकाब ने उससे अस्पताल की लोकेशन और तस्वीरें मांगी थीं। इसके बाद उसने अस्पताल की फोटो और लोकेशन भेज दी थी। मुशर्रफ के अनुसार महकाब ने जवाब दिया था कि “यह काम हो जाएगा।”
जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क, पाकिस्तानी कनेक्शन और संदिग्ध ट्रांजेक्शनों की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। सूत्रों का कहना है कि एटीएस मुशर्रफ के बयानों की सत्यता और उसके डिजिटल रिकॉर्ड की गंभीरता से जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




