
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के साथ सड़क किनारे लगे भारी कंक्रीट डिवाइडर भी टूटकर नीचे जा गिरे और पास की झोपड़ी पर आ गिरे। इस दर्दनाक घटना में ट्रक चालक समेत एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह के समय हुआ, जब ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा। वाहन सड़क किनारे लगे डिवाइडरों को तोड़ते हुए लगभग 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। इसी दौरान टूटे हुए दो बड़े कंक्रीट डिवाइडर सड़क के नीचे बनी झोपड़ी पर जा गिरे, जहां एक महिला रह रही थी। डिवाइडर की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से दब गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे में ट्रक चालक भी वाहन के नीचे दब गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक को स्थानीय लोग टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान चालक फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर (हरिद्वार) और कौशल्या पत्नी सुरेश, निवासी बावाड़ी शिवपुरी के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग लंबे समय से इस मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि भद्रकाली और ब्रह्मानंद मोड़ क्षेत्र में तीखे मोड़ और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।




