
रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में भूमाफियाओं की कथित करतूत का एक गंभीर मामला सामने आया है। पिथौरागढ़ निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि जिन प्लॉटों को उसने लाखों रुपये खर्च कर खरीदा था, उन्हीं में से एक जमीन को जालसाजी कर किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में ग्राम गुईया, बलुवाकोट तहसील धारचूला निवासी जगदीश सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2013 और 2014 में रुद्रपुर देहात क्षेत्र में दो प्लॉट खरीदे थे। आरोप है कि रुद्रपुर निवासी अवधेश पांडे, राणा प्रताप सिंह और दिनेश सिंह की सहमति से इन दोनों प्लॉटों के लिए लगभग 12 लाख 72 हजार रुपये का भुगतान किया गया था।
पीड़ित के अनुसार प्लॉटों की विधिवत रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज भी उनके नाम हो चुका था तथा उन्हें जमीन का कब्जा भी सौंप दिया गया था। कुछ समय बाद आरोपियों ने कथित रूप से जमीन पर फिर से कब्जा करने की कोशिश शुरू कर दी। आरोप है कि अवधेश पांडे ने एक प्लॉट में लगे लोहे के एंगल उखाड़ दिए और वहां गेहूं की फसल बो दी।
इतना ही नहीं, वर्ष 2025 में उसी प्लॉट को कंचन यादव नामक महिला को बेच दिया गया, जबकि जमीन पर पहले से जगदीश सिंह का कब्जा और नाम दर्ज था। दूसरे प्लॉट पर भी कथित रूप से कब्जा कर गोशाला बना दी गई। मामले में जब पीड़ित ने प्रशासन से शिकायत की तो कुमाऊं आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद उन्हें दोबारा जमीन का कब्जा दिलाया गया।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी लगातार दबाव बना रहे थे। 24 अगस्त 2025 को आरोपी वाहन में सवार होकर मौके पर पहुंचे और गालीगलौज करते हुए तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में तेजी से बढ़ते भूमि कारोबार के बीच जमीन से जुड़े विवाद और धोखाधड़ी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। ऐसे मामलों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है, खासकर उन लोगों की जो अपनी जमा-पूंजी लगाकर जमीन खरीदते हैं।




