
ऋषिकेश: तपोवन क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध निम बीच में बृहस्पतिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से घूमने आए चार दोस्तों में से एक किशोर गंगा नदी में नहाते समय तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार सुबह फिर से तलाश अभियान शुरू किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार शाम करीब 6:28 बजे तपोवन चौकी पुलिस को सूचना मिली कि निम बीच क्षेत्र में एक किशोर गंगा नदी में डूब गया है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद तीन किशोरों ने बताया कि वे चार दोस्त दिल्ली से ऋषिकेश घूमने आए थे और निम बीच स्थित पांडव पत्थर के पास गंगा में स्नान कर रहे थे।
इसी दौरान आशीष उर्फ टिल्लू पुत्र राम प्रकाश निवासी वेस्ट सागरपुर, वीर नगर गली नंबर-3, थाना सागरपुर, दिल्ली अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके साथी गोलू, लव पुत्र अरविंद राजपूत निवासी हंस पार्क दिल्ली और मनु कुमार निवासी वशिष्ठ पार्क सेकेंड दिल्ली ने प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण वे खुद भी डूबने लगे।
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय युवक हिमांशु तिवारी, जो जर्नी एडवेंचर गाइड के रूप में कार्यरत हैं, ने साहस दिखाते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। जल पुलिस के हेड कांस्टेबल अजय सिंह और कांस्टेबल करण सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर तीनों किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि आशीष का कोई पता नहीं चल सका।
घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम तक नदी किनारे और गहरे हिस्सों में तलाश की गई, लेकिन अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान रोकना पड़ा। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि शुक्रवार सुबह फिर से सर्च अभियान चलाया जाएगा।
गौरतलब है कि गर्मियों के दौरान ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पर्यटक गंगा किनारे पहुंचते हैं। प्रशासन लगातार लोगों से गहरे पानी में न जाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करता रहा है, इसके बावजूद लापरवाही के चलते ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं।




