
मसूरी: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में स्थित माल रोड पर रविवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब प्रतिबंधित समय में वाहन प्रवेश को लेकर पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के बीच विवाद हो गया। यह घटना भगत सिंह चौक के पास हुई, जहां देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली से आए पर्यटकों की गाड़ी माल रोड के गेट पर खड़ी थी, जिसके पीछे स्थानीय लोगों का वाहन फंसा हुआ था। स्थानीय लोगों ने पर्यटक से गाड़ी हटाने और नियमों के अनुसार प्रतिबंधित समय में वाहन प्रवेश न करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई और लात-घूंसे चलने लगे। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग भी इकट्ठा हो गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और नगरपालिका कर्मियों को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और उन्हें कुलड़ी चौकी ले जाया गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए माल रोड पर यातायात और आवाजाही प्रभावित रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। नियमों के उल्लंघन और मारपीट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




