
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में आकाशीय बिजली ने बड़ा कहर बरपाया है। निजमुला घाटी के भनाली तोक क्षेत्र में बारिश के दौरान अचानक बिजली गिरने से करीब 500 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और भेड़पालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, ये बकरियां 14 भेड़पालकों की थीं, जिन्हें रोजाना की तरह चरान के लिए ऊंचाई वाले क्षेत्र भनाली तोक ले जाया गया था। इसी दौरान मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर बड़ी संख्या में बकरियां मर गईं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं पशुपालन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है, जहां मृत बकरियों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
इस घटना से प्रभावित भेड़पालकों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ा है, क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में पशुपालन आय का प्रमुख साधन होता है। प्रशासन की ओर से राहत और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही जा रही है।
लगातार बदलते मौसम और पहाड़ों में बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में मौसम पूर्व चेतावनी प्रणाली को और मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से नुकसान कम किया जा सके।




