
कोटद्वार: नगर के समीप रैतपुर गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। 21 वर्षीय युवक ने कथित रूप से पुलिस प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या कर ली। युवक ने घर से कुछ दूरी पर स्थित पुल पर दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। इस घटना से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर पुलिस और संबंधित थानाध्यक्ष को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया।
जानकारी के अनुसार, मृतक पंकज कुमार शुक्रवार को सतपुली बाजार में एक मामूली विवाद के बाद पुलिस के संपर्क में आया था। आरोप है कि नशे की हालत में बाइक चलाने के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। हालांकि पुलिस ने चालान कर उसे उसकी मां के सुपुर्द कर दिया था, लेकिन इस घटना से वह मानसिक रूप से आहत था।
रात करीब 12 बजे युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने अपने शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। इसके कुछ ही समय बाद वह घर से निकला और पास के भिताड़ा पुल पर पहुंचकर फांसी लगा ली। शनिवार सुबह राहगीरों ने उसका शव लटका देखा, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
मृतक के परिवार के लिए यह घटना और भी दुखद है, क्योंकि वह गुजरात में नौकरी कर परिवार का इकलौता सहारा था और हाल ही में अपनी बहन की शादी में शामिल होने घर आया था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिससे परिवार पूरी तरह उस पर निर्भर था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया है और पूरे मामले की जांच एएसपी कोटद्वार को सौंपी गई है। साथ ही पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जा रही है ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।




