
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट बदल ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश, बर्फबारी और ठंडी हवाओं ने लोगों को चौंका दिया है। बुधवार सुबह से ही प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों, विशेषकर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में बर्फबारी हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ इलाकों में बिजली चमकने, ओलावृष्टि और लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट के तहत तेज हवाओं और हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान हुई बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब छह डिग्री गिरकर 25.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। इससे पहले जहां अप्रैल के शुरुआती दिनों में गर्मी का असर दिखने लगता था, वहीं इस बार ठंड का अहसास बना हुआ है।
राजधानी दून में दिनभर बादलों का डेरा रहा और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होती रही। ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ने से लोगों को हल्के गर्म कपड़े पहनने पड़े।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता मुख्य कारण है। यह विक्षोभ अरब सागर और भूमध्यसागर क्षेत्र से नमी लेकर आता है, जिससे बादल बनते हैं और वर्षा होती है। इसके साथ ही हिमालयी क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाओं ने तापमान को और नीचे गिरा दिया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। रुक-रुक कर बारिश, बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाएं जारी रहेंगी, जिससे तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा। ऐसे में लोगों को मौसम के प्रति सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।




