
गया (बिहार)। बिहार के Gaya International Airport पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य का ‘हाईटेक गांजा’ बरामद किया है। यह ड्रग्स बैंकॉक से आई फ्लाइट के एक लावारिस बैग से मिला, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका दिया है। जानकारी के अनुसार 14 मार्च को Thai Airways की बैंकॉक से आई एक निर्धारित उड़ान से पहुंचे दो संदिग्ध बैग को जांच के दौरान अलग कर लिया गया था।
बैग की स्थिति संदिग्ध लगने पर कस्टम अधिकारियों ने उन्हें निगरानी में रख दिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि ये बैग लगातार तीन दिनों तक एयरपोर्ट पर लावारिस पड़े रहे और कोई भी यात्री उन्हें लेने नहीं पहुंचा। इससे अधिकारियों का शक और गहरा गया, जिसके बाद नियमानुसार बैग खोलकर जांच करने का निर्णय लिया गया। तलाशी के दौरान बैग के अंदर से करीब 10 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद किया गया।
यह गांजा आधुनिक तकनीक से तैयार किया जाता है, जिसकी गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत काफी अधिक होती है। बरामद ड्रग्स की कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई है।इस बड़ी बरामदगी के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। कस्टम विभाग के अधिकारियों का मानना है कि मामला अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी से जुड़ा हो सकता है और इसके पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका हो सकती है।
फिलहाल कस्टम विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हैं। एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बैग को यहां तक कौन लाया और उसे लेने कोई क्यों नहीं पहुंचा। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







