
देवरिया। जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कठौतिया राम गांव से इंटरमीडिएट के एक छात्र के अपहरण का गंभीर मामला सामने आया है। 17 वर्षीय अमन मिश्र, जो क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में इंटर का छात्र है, मंगलवार दोपहर अचानक घर से लापता हो गया। देर रात उसके मोबाइल फोन से आए एक कॉल ने पूरे परिवार को दहशत में डाल दिया।
जानकारी के अनुसार, अमन मिश्र पुत्र विद्या प्रसाद मिश्र मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे घर से बिना बताए निकल गया था। शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन भी बंद मिलने लगा, तो परिजनों को चिंता होने लगी। हालांकि शुरुआत में परिवार को लगा कि वह कहीं दोस्तों के यहां गया होगा और थोड़ी देर में लौट आएगा।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
इसी बीच रात करीब आठ बजे अपहृत अमन मिश्र के मोबाइल नंबर से उसके चाचा श्यामू मिश्र के फोन पर कॉल आई। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरे लहजे में कहा कि यदि वे अपने बच्चे को सही सलामत देखना चाहते हैं, तो बुधवार सुबह दस बजे तक छह लाख रुपये की फिरौती देनी होगी। जब श्यामू मिश्र ने पूछा कि पैसे कहां देने हैं, तो उधर से जवाब मिला कि इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी।
फोन कॉल के बाद परिजन पूरी तरह घबरा गए। रात करीब साढ़े दस बजे श्यामू मिश्र ने त्रिलोकपुर थाने में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई और अमन की सकुशल बरामदगी की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
पुलिस टीम ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने के आधार पर खोजबीन तेज की और परिजनों के साथ अयोध्या तक पहुंची है। वहीं, अमन के पिता विद्या प्रसाद मिश्र, जो मुंबई में रहकर रोजी-रोटी करते हैं, बेटे के अपहरण की सूचना मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए हैं।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां और अन्य परिजन किसी अनहोनी की आशंका से सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि अपहरणकर्ताओं की पहचान और छात्र की सकुशल बरामदगी के लिए सभी संभावित पहलुओं पर तेजी से जांच की जा रही है।





