
मसूरी/देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर Kuldeep Yadav आज अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल Mussoorie में आयोजित यह शाही शादी इन दिनों सुर्खियों में है, जिसमें क्रिकेट और मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। शनिवार 14 मार्च को विवाह समारोह के मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह आठ बजे से मेहमानों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की गई है, जबकि दोपहर 12 बजे से भव्य भोजन का आयोजन रखा गया है। शाम चार बजे हाई टी के साथ साफा बांधने की पारंपरिक रस्म होगी, जिसके बाद शादी की औपचारिकताएं शुरू होंगी।
शाम पांच बजे प्रीमियम वैली व्यू विंग से बारात निकलेगी और शाम करीब 6:30 बजे सेंट्रल लॉज में जयमाला की रस्म आयोजित की जाएगी। इसके बाद रॉयल बॉलरूम में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरों की रस्म पूरी की जाएगी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए कई क्रिकेट हस्तियां भी मसूरी पहुंच चुकी हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर Suresh Raina और टीम इंडिया के लेग स्पिनर Yuzvendra Chahal समेत कई खास मेहमान समारोह में शामिल हो रहे हैं।
दरअसल, यह भव्य विवाह समारोह तीन दिनों तक चलेगा। 13 मार्च से शुरू हुए कार्यक्रमों में मेहमानों के स्वागत के साथ कई पारंपरिक और सांस्कृतिक आयोजनों का आयोजन किया गया। शुक्रवार को हल्दी, मेहंदी, सगाई, संगीत और कॉकटेल पार्टी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें मेहमानों ने जमकर उत्सव का आनंद लिया। हल्दी समारोह बीयर गार्डन में आयोजित किया गया, जबकि शाम को सेंट्रल लॉन में सगाई, संगीत और कॉकटेल पार्टी का आयोजन हुआ। इन कार्यक्रमों के दौरान दूल्हा-दुल्हन और मेहमानों ने संगीत की धुनों पर जमकर नृत्य किया और समारोह को यादगार बनाया।
शादी समारोह में शामिल होने वाले मेहमानों के लिए तीन दिनों तक विशेष भोजन और शाही आतिथ्य की व्यवस्था की गई है। मेन्यू में पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के साथ-साथ आधुनिक और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन भी शामिल किए गए हैं। रविवार 15 मार्च को सुबह नाश्ते के बाद मेहमानों के लिए विदाई और चेक-आउट की व्यवस्था की जाएगी। इस तरह भव्य आयोजन के साथ कुलदीप यादव और वंशिका अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे।




