
देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को सुचारु और सुरक्षित रूप से संचालित करने की तैयारी में जुटे उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने केदारनाथ हेली सेवा के लिए नई टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। इस बार हेली सेवा के संचालन के लिए एविएशन कंपनियों का चयन नए सिरे से किया जाएगा।
दरअसल, केदारनाथ हेली सेवा के लिए हर वर्ष टेंडर प्रक्रिया में लगने वाले समय और प्रशासनिक जटिलताओं को देखते हुए यूकाडा ने वर्ष 2022 में चयनित कंपनियों के साथ तीन साल का अनुबंध किया था। यह अनुबंध वर्ष 2025 में पूर्ण हो चुका है। इसके चलते अब आगामी चारधाम यात्रा 2026 से पहले नई कंपनियों का चयन आवश्यक हो गया है।
पिछले वर्षों में गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलिपैड से पवन हंस, आर्यन, थंबी एविएशन, ट्रांस भारत, ग्लोबल विक्ट्रा, केस्ट्रल एविएशन और एयरो एयर क्राफ्ट जैसी कंपनियों के माध्यम से केदारनाथ के लिए हेली सेवा संचालित की जाती रही है। इन सेवाओं से हजारों श्रद्धालुओं को सुविधा मिली, विशेषकर बुजुर्गों, दिव्यांगों और सीमित समय में यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों को।
चारधाम यात्रा से पहले पूरी होंगी तैयारियां
आगामी चारधाम यात्रा अप्रैल और मई माह से शुरू होने की संभावना है। इससे पहले यूकाडा ने केदारनाथ हेली सेवा के लिए चयन प्रक्रिया की सभी तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि यात्रा आरंभ होने से पूर्व सेवाएं निर्बाध रूप से शुरू की जा सकें।
यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि केदारनाथ हेली सेवा के लिए शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों, तकनीकी क्षमता और सेवा अनुभव को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, समयबद्ध और व्यवस्थित हेली सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
यूकाडा का लक्ष्य है कि चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और हेली सेवाएं तय मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जाएं।




