
- लोकतंत्र का सशक्त स्तम्भ है पत्रकारिता: वक्ताओं का मत
- शपथ केवल शब्द नहीं, जिम्मेदारी का संकल्प है: डॉ. नरेश बंसल
- पर्वतीय पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों पर मंथन
- डिजिटल युग में भी प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता कायम
- नई जिला कार्यकारिणी को दिलाई गई शपथ
देहरादून। पर्वतीय पत्रकार महासंघ उत्तराखंड की जिला देहरादून इकाई का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को अत्यंत गरिमामय और विचारोत्तेजक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. नरेश बंसल रहे। संस्कृति टीम द्वारा सरस्वती वंदना के साथ दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अपने संबोधन में डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि शपथ केवल औपचारिक शब्दों का उच्चारण नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और कर्तव्य के प्रति एक सशक्त संकल्प होती है। उन्होंने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तम्भ बताते हुए कहा कि डिजिटल युग के विस्तार के बावजूद आज भी प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता बनी हुई है।
डॉ. बंसल ने कहा कि सोशल मीडिया पर सूचनाओं की भरमार है, लेकिन लोग आज भी सुबह अख़बार पढ़ना नहीं भूलते, क्योंकि प्रिंट मीडिया पर जनता का भरोसा कायम है। यही भरोसा पत्रकारों की सबसे बड़ी पूंजी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैंट विधानसभा की विधायक सविता कपूर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में दून प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा एवं संजय कनौजिया उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता डॉ. देवेंद्र भसीन तथा पर्वतीय पत्रकार महासंघ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पाठक ने पत्रकारिता से जुड़े समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पर्वतीय पत्रकारिता लोकतंत्र की सशक्त, निर्भीक और विश्वसनीय आवाज है। पहाड़ों में हो रहे पलायन, प्राकृतिक आपदाओं, विकास, पर्यावरण संरक्षण और सीमांत क्षेत्रों की समस्याओं को सामने लाने में पत्रकारों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया। साथ ही स्थानीय और ग्रामीण मुद्दों को राष्ट्रीय मीडिया में अपेक्षित स्थान न मिलने पर चिंता भी व्यक्त की गई। कार्यक्रम में ग्रामीण एवं पर्वतीय पत्रकारों की सुरक्षा, फ्रीलांस पत्रकारों के अधिकार, आर्थिक असुरक्षा, फर्जी खबरों के दौर में जिम्मेदार पत्रकारिता, तथा डिजिटल मीडिया की चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि पत्रकारिता कोई अपराध नहीं है, बल्कि समाज को दिशा देने वाला कार्य है, इसलिए पत्रकारों के अधिकारों और हितों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके अतिरिक्त पर्वतीय संस्कृति, स्थानीय भाषा, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन विकास और सीमांत क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर भी पत्रकारिता की भूमिका को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम के अंत में संगठन की एकजुटता, युवा पत्रकारों के मार्गदर्शन और पत्रकार हितों के लिए महासंघ की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. नरेश बंसल ने जिला इकाई के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
मदन उपाध्याय (जिला अध्यक्ष), श्रीमती रितु (जिला महामंत्री), प्रकाश चंद नौटियाल (उपाध्यक्ष), नीरज यादव (संगठन मंत्री), श्रीमती सुनीता पंवार (कोषाध्यक्ष) तथा कार्यकारिणी सदस्य यश पसबोला, अनिल कुमार, अखिलेश नारायण और हरिराज ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। मुख्य संरक्षक के रूप में मनमोहन आहूजा ने भी शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन महासंघ के प्रदेश महामंत्री अरुण कुमार मोगा ने किया। इससे पूर्व डॉ. दिनेश जोशी, डॉ. मदन मोहन पाठक, अनिल शाह, डीडी मित्तल, सोमपाल, सुशील चमोली, महेश नारायण, सुशील त्यागी, बालेश बवानिया, डॉ. वी.डी. शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त किए।




