
देहरादून। उत्तराखंड की सियासत इन दिनों बेहद गर्म है और नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत पर तीखा कटाक्ष किया है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि हरक सिंह की कुंडली में नाड़ी षडाष्टक दोष है, इसी वजह से वह किसी भी राजनीतिक पार्टी में टिक नहीं पाते। भट्ट का बयान राजनीतिक हलकों में तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।
भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान भट्ट ने कहा कि भाजपा संगठन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगामी जिलों में प्रस्तावित दौरों को लेकर व्यापक योजना तैयार कर रहा है। संगठन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री की हर जिले की यात्रा के दौरान स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनता की समस्याओं पर सीधे संवाद हो, ताकि विकास योजनाओं और जन मुद्दों पर त्वरित समाधान निकाला जा सके। भट्ट ने बताया कि इस दौरे से जुड़ी अंतिम कार्ययोजना एक-दो दिनों में तैयार कर ली जाएगी।
इस दौरान एसआईआर के मुद्दे पर पूछे गए प्रश्न के जवाब में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी इस संवैधानिक प्रक्रिया में पूरी तरह चुनाव आयोग के साथ खड़ी है और संगठन आयोग को हर संभव सहयोग देगा। इसके लिए शीघ्र ही विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
बातों-बातों में हरक सिंह रावत के राजनीतिक उतार-चढ़ाव पर निशाना साधते हुए भट्ट ने कहा कि वह दूसरों की हस्तरेखाएं पढ़ते फिरते हैं, लेकिन अपनी कुंडली में मौजूद नाड़ी षडाष्टक दोष नहीं देख पा रहे। इसी दोष के कारण वह किसी भी दल में टिक नहीं पाए—पहले सपा गए, फिर बसपा गए, लेकिन वहां भी “जन्मपत्री नहीं मिली।” भाजपा में तो उन्हें “कभी जुड़ने का अवसर ही नहीं मिला” और अब कांग्रेस में वे कब तक टिकेंगे, इसका भरोसा शायद उन्हें खुद भी नहीं है।
भट्ट के इस व्यंग्यात्मक बयान से उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर नई बहस छिड़ गई है। लगातार बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच यह वाकयुद्ध और तीखा हो सकता है।




