
चमोली। भारत-चीन (तिब्बत) सीमा के पास स्थित माणा पास की देवताल झील इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बर्फ से ढकी इस खूबसूरत झील को निहारने अब तक लगभग 2300 पर्यटक पहुंच चुके हैं। प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण का लुत्फ उठाने के लिए दूर-दूर से सैलानी यहां आ रहे हैं।
देवताल झील समुद्र तल से लगभग 18 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है। इस झील तक पहुंचने के लिए माणा गांव से करीब 53 किलोमीटर की कठिन यात्रा करनी पड़ती है। यहां जाने के लिए प्रशासन की अनुमति आवश्यक है। पहले अनुमति की प्रक्रिया ऑफलाइन थी, लेकिन इस बार प्रशासन ने ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू की है, जिससे यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
अक्तूबर माह में हुई समय पर बर्फबारी ने देवताल के सौंदर्य को और निखार दिया है। झील के चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है, जो सैलानियों को मंत्रमुग्ध कर रही है। बदरीनाथ के कपाट बंद होने के बाद भी पर्यटकों की आवाजाही यहां बनी हुई है। पिछले वर्ष जहां लगभग 2200 पर्यटक पहुंचे थे, वहीं इस साल यह संख्या पहले ही 2300 पार कर चुकी है।
प्राकृतिक नजारे और बर्फीले परिवेश के बीच देवताल झील अब रोमांच प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए नई पसंदीदा मंज़िल बन चुकी है।




