
देहरादून | घटना शुक्रवार देर शाम की है। जानकारी के अनुसार, भाजयुमो महामंत्री जितेंद्र सिंह बिष्ट, जो डीएवी कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके थे, अपने कार्यालय से बाहर निकल रहे थे। तभी पास की एक वर्कशॉप से टेस्टिंग के लिए निकली कार अचानक अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में आई और उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कार चालक फरार, मालिक हिरासत में
हादसे के बाद कार चालक अब्बू, जो वर्कशॉप का कर्मचारी बताया जा रहा है, मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वर्कशॉप के मालिक वसीम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कार को सीज़ कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।
एक अन्य व्यक्ति घायल
इस हादसे में रितिक राजपूत नामक एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रिया
जितेंद्र सिंह बिष्ट की अचानक मृत्यु की खबर से भाजपा और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। देर रात पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर शोक व्यक्त किया।
प्रदेश के कई नेताओं ने बिष्ट के निधन पर संवेदना जताई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और युवा मोर्चा नेताओं ने इसे संगठन की “अपूर्णीय क्षति” बताया है।
जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत होता है।
“हम फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रहे हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” — एसपी सिटी, देहरादून