
भारत केवल अपने पर्वतों, मंदिरों और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी अनगिनत झीलों की अद्भुत सुंदरता के लिए भी जाना जाता है। गर्मियों की तपती दोपहरों में जब पहाड़ और समुद्र तट लोगों को सुकून देते हैं, तब झीलें भी यात्रियों के लिए स्वर्ग से कम नहीं होतीं। नीले आकाश के नीचे चमकता पानी, ठंडी हवाओं का स्पर्श और चारों ओर फैली हरियाली यात्रियों को एक अलग ही दुनिया का अहसास कराती है। आइए जानते हैं भारत की कुछ प्रसिद्ध झीलों के बारे में, जो इस गर्मी आपकी ट्रैवल बकेट लिस्ट का हिस्सा जरूर होनी चाहिए।
1. बड़ी लेक – माउंट आबू, राजस्थान
राजस्थान के माउंट आबू की शान है यह विशाल मीठे पानी की झील, जिसे “बड़ी लेक” के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि इसे भगवान ने स्वयं बनाया था। गर्मियों के मौसम में यहां का दृश्य मन मोह लेता है। चारों ओर हरियाली और झील के बीच चमकता नीला पानी, हर पर्यटक के लिए एक यादगार अनुभव बन जाता है।
2. नैनी झील – नैनीताल, उत्तराखंड
उत्तराखंड का नैनीताल शहर तो वैसे ही झीलों के लिए मशहूर है, लेकिन नैनी झील इसकी पहचान मानी जाती है। इस झील को ‘नैनीताल झील’ भी कहा जाता है। गर्मियों में यहां नाव की सवारी करना बेहद लोकप्रिय है। देश-विदेश से हर साल हजारों सैलानी यहां आते हैं और झील के किनारे बैठकर शांत वातावरण का आनंद लेते हैं।
3. हुसैन सागर झील – हैदराबाद, तेलंगाना
हैदराबाद की पहचान मानी जाने वाली हुसैन सागर झील न सिर्फ सुंदरता के लिए मशहूर है, बल्कि इतिहास के लिए भी जानी जाती है। कहा जाता है कि इसके किनारे गोलकुंडा और मुगलों के बीच संधि हुई थी। झील के बीच स्थापित भगवान बुद्ध की विशाल मूर्ति इसे और भी आकर्षक बनाती है। गर्मियों में जब सूर्य की रोशनी झील के पानी पर पड़ती है, तो इसका नजारा अविस्मरणीय होता है।
4. लोकटक झील – मणिपुर
मणिपुर की यह झील दुनिया में अपनी तरह की इकलौती झील है, जिसे “फ्लोटिंग लेक” कहा जाता है। यहां के तैरते हुए छोटे-छोटे द्वीप यानी फुमदी इसे अनोखा और अद्भुत बनाते हैं। लोकटक झील को देखने के बाद हर यात्री यही कहता है कि यह अनुभव जीवनभर भुलाया नहीं जा सकता। मणिपुर की यात्रा पर जाने वालों के लिए यह झील किसी स्वर्ग से कम नहीं।
5. टारसर झील – जम्मू-कश्मीर
पर्वतों की गोद में बसी यह झील समुद्र तल से लगभग 3,795 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। चारों ओर फैले बर्फ से ढके पहाड़ और हरे-भरे घाटी के बीच चमकती टारसर झील का दृश्य मन मोह लेता है। ट्रैकिंग के शौकीनों के लिए यह जगह बेहद खास है। गर्मियों में यहां पहुंचकर ठंडी हवाओं के बीच प्रकृति की गोद में बैठना हर किसी का सपना हो सकता है।







