शिमला : ( हिमाचल प्रदेश ) रोहड़ू थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात चिड़गांव के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर पब्बर नदी में जा गिरी, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान विशाल ठाकुर (मुंछाड़ा), हिमांशु (मुंछाड़ा), और अभय खंडीयाण (ढाक गांव) के रूप में हुई है। घायल हर्ष चौहान को तत्काल नागरिक अस्पताल रोहड़ू में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। भारी बारिश के कारण पब्बर नदी उफान पर थी, जिसके चलते दुर्घटनाग्रस्त कार को नदी से निकालने में पुलिस और दमकल कर्मियों को क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
एसडीपीओ रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सड़क की खराब स्थिति और बारिश के कारण फिसलन को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को मृतकों के परिवारों को हरसंभव सहायता और घायल के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।