
बागपत | उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रठौड़ा गांव की रहने वाली 24 वर्षीय मनीषा ने दहेज उत्पीड़न और पति द्वारा तलाक मांगे जाने के बाद कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले मनीषा ने एक वीडियो में अपने साथ हुए अत्याचारों की पूरी आपबीती रोते हुए बताई, जिसमें उसने ससुराल वालों पर करंट से मारने की कोशिश और दहेज में कार मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए।
वीडियो में छलक पड़ा दर्द
मनीषा द्वारा बनाए गए वीडियो में वह कहती है कि शादी के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। वीडियो में उसकी आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं लेते, और वह बार-बार बोलते-बोलते रुक जाती है। मनीषा ने बताया कि शादी नवंबर 2023 में ग्रेटर नोएडा के सिद्धिपुर दादरी निवासी कुंदन से हुई थी। शादी में उसके पिता ने करीब 20 लाख रुपये, फर्नीचर और बुलेट बाइक तक दी थी, फिर भी ससुराल वाले कार की मांग करते रहे।
गंभीर आरोप: करंट लगाकर मारने की कोशिश और गर्भपात का दबाव
मनीषा ने वीडियो में यह भी कहा कि ससुराल वालों ने उसे करंट लगाकर जान से मारने की कोशिश की। जब वह गर्भवती हुई, तो उसका गर्भपात कराने का दबाव भी बनाया गया। आत्महत्या से पहले मनीषा ने अपने हाथ-पैरों पर सुसाइड नोट लिखा और फिर कीटनाशक पी लिया।
FIR दर्ज, पांच पर नामजद मुकदमा
मनीषा के भाई ऋतिक ने इस मामले में थाना खेकड़ा में तहरीर दी है। इसमें पति कुंदन, सास राजेश, ससुर किशन कुमार, देवर विशाल और दीपक को नामजद किया गया है। सभी आरोपी सिद्धिपुर दादरी, ग्रेटर नोएडा के रहने वाले हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक विशेष टीम का गठन किया है, जो आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।