मथुरा ( उत्तर प्रदेश) : मथुरा में रविवार को दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गोविंद नगर इलाके में 8 से अधिक मकान अचानक भरभराकर गिर गए। इसमें 12 से ज्यादा लोग दब गए। हादसे के बाद मोहल्ले में भगदड़ मच गई। लोगों को समझ ही नहीं आ रहा था कि क्या हुआ। आसपास के लोगों की सूचना पर नगर निगम, प्रशासन और दमकल की टीम पहुंच गई और बचाव कार्य में जुट गई।
रेस्क्यू के दौरान मकान के मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां एक गंभीर रूप से घायल युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान तोताराम (38) पुत्र बजरंग लाल सैनी के रूप में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार यह सभी मकान एक मिट्टी के टीले पर बने हुए थे। अचानक मिट्टी धसक गई। इसके बाद एकाएक मकान भरभराकर गिरते चले गए। ज्यादातर मकानों की छत और दीवारें टूट गईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अंदर फंसे लोगों को बाहर भागने तक का वक्त नहीं मिला। अभी मलबे में कितने लोग दबे हैं, इसका सही आंकड़ा सामने नहीं आया है। अफसरों का कहना है कि फिलहाल मलबा हटाया जा रहा है। जो घर गिर गए हैं, उनके परिवारों में मिसिंग लोगों के बारे में पूछा जा रहा है। हादसा, दोपहर 12 बजे के करीब हुआ।छुट्टी का दिन होने के कारण ज्यादातर लोग घरों में ही थे।