
ऊधम सिंह नगर। रुद्रपुर के सिडकुल चौकी क्षेत्र में एक किराना व्यापारी कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक के पास सुसाइड नोट मिला। इसमें उसने भतीजों से दो बच्चों का ध्यान रखने की बात लिखी है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के दन्या थाना क्षेत्र के आरा सलपड़ और हाल न्यू शक्ति विहार निवासी षष्टी बल्लभ पांडे (40) किराना स्टोर चलाता था। उनके साथ पत्नी सोनू और दो बच्चे रहते थे। सोमवार की शाम वे अपने दो बच्चों के साथ घर पर
था और पत्नी कहीं बाहर गई थी। पत्नी घर वापस लौटी तो षष्टी कमरे में पंखे पर लगाए फंदे से लटके मिला। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के साथ ही सिडकुल पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पहुंचाया। सिडकुल पुलिस के अनुसार किराना व्यापारी ने आत्महत्या की है। आत्महत्या के कारणों की जानकारी ली जा रही है।