
ऊधम सिंह नगर। हाथी के मरने के बाद दांत निकाले गए हैं। लेकिन हाथी जंगली जानवरों से फसल बचाने को लगाए करंट से मरा या फिर उसका शिकार किया गया, ये साफ नहीं हो सका है। दरअसल एसटीएफ को बीते कुछ दिनों से खटीमा में हाथी दांत तस्कर के होने की सूचना मिल रही थी। मंगलवार को पुख्ता सूचना पर एसटीएफ और खटीमा वन विभाग की संयुक्त टीम ने चकरपुर और बनबसा के बीच जंगल से बाइक सवार तस्कर उत्तम सिंह को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से दो हाथी दांत बरामद हुए। पूछताछ ने उत्तम ने बताया कि हाथी दांत उसे जंगल में पड़े मिले थे। जिसके बाद उसने घर में दांत छिपाकर रख दिए थे। कुछ दिन पहले उसने नेपाल निवासी एक व्यक्ति से चार लाख में हाथी दांत का सौदा किया था।
आज वो दांत देने के लिए बनबसा जा था था। उसने हाथी के शिकार से इनकार कर दिया। हालांकि एसटीएफ इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने का अंदेशा जता रही है।
फिलहाल जिस नेपाली से उत्तम ने सौदा किया था, उसको भी चिन्हित किया जा रहा है। माना जा रहा है कि तराई के तस्करों से नेपाली का संपर्क है। वह तराई से हाथी दांत लेकर नेपाल में अपने नेटवर्क से आगे पहुंचाता होगा। हालांकि पूर्व में भी हाथी दांत तस्करी में नेपाल कनेक्शन मिलता रहा है।