
मेरठ। मेरठ के गंगानगर क्षेत्र में राजेंद्रपुरम में राज्य मंत्री दिनेश खटीक के आवास के सामने रखे ड्रम में चारा खा रहे सांड ने सड़क से गुजर रहे कृपाल सिंह(85) पर अचानक हमला कर हवा में उछाल दिया। सींग लगने से उनकी आतें बाहर आ गईं। गंभीर हालत में बुजुर्ग को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां ऑपरेशन के बाद आईसीयू में रखा गया है।
गंगानगर बी ब्लॉक निवासी प्रमोद अवंतिका की राजेंद्रपुरम मुख्य बाजार में अवंतिका इलेक्टोर्निक्स नाम से शोरूम है। उनके पिता कृपाल सिंह बुधवार शाम को घूमकर दुकान पर जा रहे थे। उनके हाथ में छड़ी भी लगी थी।
रास्ते में बाढ़ नियंत्रण राज्य मंत्री दिनेश खटीक के आवास के सामने एक सांड ड्रम में रखा चारा खा रहा था। जैसे ही कृपाल सिंह उसके पास से गुजरे। तभी सांड ने हमला कर दिया। टक्कर से वह कई फीट हवा में उछलकर जमीन पर गिर गए। तभी आसपास के लोग दौड़े और सांड को भगाया।
बुजुर्ग को उठाकर बैठाया। लोगों ने देखा की उनके सिर और पेट से खून बह रहा था। कपड़े हटाकर देखा तो उनके आतें बाहर निकली हुई थे। सूचना परिजनों को दी गई। गंभीर हालत में बुजुर्ग को गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात तक उनका ऑपरेशन चला। उसके बाद आईसीयू में रखा गया है।
वहीं, घटना के बाद हरकत में आए नगर निगम के कर्मचारी सांड को वहां से ले गए। सांड के हमले की घटना वहां आसपास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जो फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।