
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट के आरोपी का शव सोमवार की देर रात संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पर नाबालिग से विवाह करने का आरोप था। हालांकि वह इस समय जमानत पर था। मृतक के परिजनों ने ससुरालियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
मूलरूप से सिकोरिया शेरगढ़ जिला बरेली निवासी शेर सिंह (22) अपनी पत्नी के साथ फुलसुंगा मार्ग स्थित जन पथ कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था। परिजनों के मुताबिक, तीन साल पहले कथित प्रेम प्रसंग के चलते उसने एक किशोरी से शादी की थी। इसके चलते किशोरी के पिता ने उस पर नाबालिग बेटी को बहलाफुसला कर ले जाने के मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज करवाया था। इसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था, बाद में वह जमानत मिलने पर पत्नी के साथ रहने लगा।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
सोमवार को न्यायालय में उसकी पेशी थी और वहां से लौटने के बाद उसका पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद के उसकी पत्नी रिश्तेदार के घर चली गई। देर शाम जब उसकी पत्नी घर लौटी तो शेर सिंह का शव संदिग्ध हालात में खिड़की के सहारे चुनरी के फंदे से लटका था। जानकारी होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
इस पर ट्रांजिट कैंप पुलिस ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मृतक के मामा शिव सिंह का आरोप है कि जिस युवती से उसके भांजे ने शादी की उसका पिता बार-बार उसे जान से मारने की धमकी देता था। सोमवार को भी न्यायालय में पेशी के दौरान ससुरालियों ने उसे धमकी दी।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
धमकी से वह मानसिक अवसाद से गुजर रहा था। आरोप है ससुरालियों की धमकी से घबराकर उसने खुदकुशी का कदम उठाया। एसएचओ सुंदरम शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





