
देहरादून। उत्तराखंड में बंदरों और लंगूरों की गणना का तरीका अब बदलने जा रहा है। जंगलों से लेकर आबादी वाले क्षेत्रों तक इन वन्यजीवों की मौजूदगी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इसके लिए भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) एक विशेष मोबाइल एप विकसित कर रहा है। एप तैयार होने के अंतिम चरण में है। इसके माध्यम से वन विभाग के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि आम नागरिक भी गणना अभियान में भागीदारी कर सकेंगे।
अब तक वन्यजीवों की संख्या का आकलन पारंपरिक तरीकों से किया जाता रहा है, लेकिन नई व्यवस्था में मोबाइल तकनीक का उपयोग किया जाएगा। भारतीय वन्यजीव संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. बिलाल हबीब के अनुसार, हरियाणा में इसी तकनीक की मदद से बंदरों की गणना की जा चुकी है। उसी प्रक्रिया को अपनाते हुए उत्तराखंड में भी बंदर और लंगूरों की संख्या का आकलन किया जाएगा।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत मोबाइल एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकेगा। गणना के लिए एक दिन और समय निर्धारित किया जाएगा। उस दौरान एप के माध्यम से बंदर या लंगूर दिखाई देने पर संबंधित व्यक्ति उनकी तस्वीर लेकर जानकारी अपलोड कर सकेगा। एप खोलते ही संबंधित व्यक्ति की जीपीएस लोकेशन भी दर्ज हो जाएगी। इसके साथ ही देखे गए बंदरों और लंगूरों की संख्या का विवरण भी उपलब्ध कराना होगा।
इस प्रक्रिया से वन विभाग को अलग-अलग क्षेत्रों में इन वन्यजीवों की मौजूदगी और उनकी संख्या का पता लगाने में मदद मिलेगी। एकत्रित आंकड़ों का विश्लेषण कर क्षेत्रवार रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जीपीएस लोकेशन और तस्वीरों के इस्तेमाल से एक ही समूह की दोबारा गणना होने की आशंका भी कम करने का प्रयास किया जाएगा।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
प्रदेश में बंदर और लंगूर केवल जंगलों तक सीमित नहीं हैं। ग्रामीण और शहरी आबादी वाले क्षेत्रों में भी इनकी मौजूदगी लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। ये वन्यजीव खेतों और बागानों में फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। कई स्थानों पर लोगों पर हमले की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। ऐसे में इनकी वास्तविक संख्या और प्रभावित क्षेत्रों की पहचान करना वन विभाग के लिए महत्वपूर्ण हो गया है।
आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष सितंबर तक वन्यजीवों के हमलों में प्रदेश में 407 लोग घायल हुए थे। इनमें से 154 लोग बंदर और लंगूरों के हमलों का शिकार बने। यह आंकड़ा केवल वन विभाग में दर्ज मामलों पर आधारित है। इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
वर्ष 2024 में मानव वन्यजीव संघर्ष राहत वितरण निधि नियमावली में संशोधन कर बंदर और लंगूरों के हमलों में घायल लोगों के लिए भी अनुग्रह राशि का प्रावधान किया गया था। प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव नीना ग्रेवाल के अनुसार, मोबाइल एप के माध्यम से होने वाली गणना से मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने में सहायता मिलेगी।
डिजिटल गणना से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर वन विभाग यह समझ सकेगा कि किन क्षेत्रों में बंदरों और लंगूरों की संख्या अधिक है और कहां मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका ज्यादा है। इससे भविष्य में बचाव, प्रबंधन और नियंत्रण से जुड़े कदमों की योजना बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।





