
- स्कूल-कॉलेजों में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण अनिवार्य किया जाए: डॉ. अनिल वर्मा
देहरादून। जोगीवाला स्थित किड्स कैंप प्रीपेटरी स्कूल में यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा एक दिवसीय विशेष समर कैंप एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों को आपदा से बचाव, प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। शिविर का उद्घाटन यूथ रेडक्रॉस के मुख्य प्रशिक्षक एवं आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. अनिल वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है।
भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के खतरे को देखते हुए प्रत्येक स्कूल और कॉलेज में आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा और बचाव प्रशिक्षण अनिवार्य किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थी आपात स्थिति में स्वयं और दूसरों की मदद कर सकें। विद्यालय की प्रधानाचार्य कनिका नैथानी ने बताया कि शिविर में प्रतिभागियों को भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और आग लगने जैसी परिस्थितियों में सुरक्षित रहने तथा घायलों, वृद्धजनों और दिव्यांगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की विभिन्न रेस्क्यू तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सत्र में हाथ धोने की “सेवन स्टेप्स मेथड”, शरीर में पानी की कमी (डीहाइड्रेशन) की पहचान और बचाव, तथा ओआरएस घोल तैयार करने की विधि सिखाई गई। प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण के अंतर्गत हृदयाघात की स्थिति में सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया। अग्नि सुरक्षा सत्र में प्रतिभागियों को एबीसी अग्निशमन यंत्र के उपयोग की “PASS” तकनीक समझाई गई। साथ ही जलने की विभिन्न अवस्थाओं (डिग्री ऑफ बर्न) की पहचान और उपचार संबंधी जानकारी दी गई।
शिविर में डेंगू जागरूकता, सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियम, जेब्रा क्रॉसिंग, रेलवे क्रॉसिंग, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। अभिभावकों ने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इनके आयोजन की आवश्यकता जताई।
प्रशिक्षण के समापन पर शिक्षिकाओं सुनंदा शर्मा, सुमन बहुगुणा, रेखा चमोली, नंदिनी रतूड़ी, नंदिता रावत और आयुषी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने रेस्क्यू तकनीकों और सीपीआर का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। टीम लीडर स्वर्णिका के नेतृत्व में अनुष्का, आद्याश्री, दक्ष, प्रतिष्ठा, रुद्रांश, अमूल्य और आव्यान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।




