
बहादराबाद (हरिद्वार)। शांतरशाह गांव में बाइक मैकेनिक हैप्पी (26) की गोली मारकर हत्या के मामले में एक सप्ताह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को भीम आर्मी जय भीम संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बहादराबाद कोतवाली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने की मांग की।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंकुश शेरवाल ने कहा कि हैप्पी की दुकान पर गोली मारकर हत्या की गई थी, लेकिन घटना के सात दिन बाद भी आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी में देरी से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है।
दुकान पर बैठे मैकेनिक पर की गई फायरिंग
पुलिस के अनुसार, शांतरशाह निवासी हैप्पी गांव की मार्केट में बाइक मैकेनिक की दुकान चलाते थे। 14 सितंबर की शाम करीब सवा सात बजे वह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर कॉलोनी की तरफ से दुकान तक पहुंचे थे। अचानक गोली चलने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से हैप्पी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
वारदात के बाद आरोपी जंगल की ओर फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायल हैप्पी को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसपी क्राइम निशा यादव और थाना प्रभारी अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई और मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस को घटनास्थल से खोखे और कारतूस भी बरामद हुए हैं। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में जिलेभर में चेकिंग अभियान भी चलाया।
हालांकि, अब तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। वहीं, हत्या के पीछे की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मांग की कि जांच में तेजी लाते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके और क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर बना भय दूर हो।



