
कानपुर: घाटमपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक वाहन में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर जिले के कलाना गांव निवासी 24 वर्षीय सुमित अपनी बहन प्रियंका को दिल्ली जाने वाली ट्रेन पकड़वाने के लिए कानपुर रेलवे स्टेशन छोड़ने आया था। स्टेशन से लौटते समय उसके साथ गांव का ही साथी हिमांशु सोनकर भी बाइक पर सवार था। दोनों देर रात अपने गांव वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों युवक घाटमपुर थाना क्षेत्र के जहानाबाद रोड स्थित परास मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बाइक वाहन में फंसकर कुछ दूरी तक घिसटती रही। सड़क पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मामले में मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों युवकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के अनुसार दोनों युवक अविवाहित थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसा करने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






