
देहरादून : उत्तराखंड में बीते दिनों छाए घने कोहरे के बाद रविवार को मौसम साफ होने से दिन के तापमान में राहत जरूर मिली, लेकिन ठंड का असर अभी खत्म नहीं हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश भर में आने वाले दो से तीन दिनों में रातें और अधिक सर्द होने वाली हैं। न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे विशेषकर सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।
राज्य में बारिश और बर्फबारी न होने के कारण इन दिनों सूखी ठंड लोगों को अधिक परेशान कर रही है। मैदानी इलाकों में सप्ताह के दौरान कई बार कोहरा छाने की आशंका जताई गई है, जिससे ठंड का असर और तेज हो सकता है। क्रिसमस और नए साल से पहले बदले मौसम ने अचानक तापमान में उतार-चढ़ाव पैदा कर दिया है। बीते सप्ताह कोहरे के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठंड अचानक बढ़ गई थी और देहरादून सहित कई इलाकों में सामान्य तापमान से काफी गिरावट दर्ज की गई थी।
आंकड़ों पर नजर डालें तो शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब नौ डिग्री कम होकर 12.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। घने कोहरे के चलते दृश्यता कम हो गई थी और जनजीवन प्रभावित रहा। हालांकि रविवार को कोहरा छंटने के बाद स्थिति में सुधार देखने को मिला और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का न्यूनतम तापमान भी 7.1 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जो सामान्य के करीब माना जा रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण चली ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों तक पहुंच गई थीं, जिससे केवल कोहरे की वजह से शीत दिवस जैसी स्थिति बन गई। फिलहाल 23 से 26 दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 27 दिसंबर के आसपास पर्वतीय इलाकों में मौसम में बदलाव आ सकता है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।
मौसम विभाग ने सोमवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहने की उम्मीद है।
ठंड को देखते हुए देहरादून नगर निगम भी सतर्क हो गया है। नगर आयुक्त नमामी बंसल ने शहर के रैन बसेरों का निरीक्षण किया और जरूरतमंदों को कंबल वितरण के निर्देश दिए। इसके साथ ही ठंड से राहत के लिए शहर में अलावों की संख्या बढ़ाकर करीब 50 कर दी गई है। नगर निगम की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाकर बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी राहत के इंतजाम बढ़ाए जाएंगे।




