
देहरादून। राष्ट्रीय पेंशनर्स दिवस के अवसर पर गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर संगठन देहरादून द्वारा आरोहण सभागार में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नीतू भंडारी ने पेंशनर्स से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके व्यावहारिक समाधान बताए। उन्होंने विशेष रूप से जीवन प्रमाण पत्र दाखिल करने में आने वाली दिक्कतों, तकनीकी परेशानियों और साइबर क्राइम से सतर्क रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कोषागार के कार्मिक उनकी हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।
मुख्य अतिथि ने पेंशनर्स को साइबर अपराधों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। उन्होंने डिजिटल प्रक्रियाओं को सरल और सुरक्षित बनाने के लिए कोषागार स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। उनके संबोधन को पेंशनर्स ने उपयोगी और राहत देने वाला बताया।
समारोह का संचालन संगठन के अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनर्स आरपी सिंह, बीपी प्याल, हरिश्चंद्र गुप्ता, चंद्र रमोला और दीपचंद शर्मा को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही कोषाधिकारी की सराहनीय सेवाओं के लिए दीपचंद शर्मा और सुशील त्यागी द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सुशील त्यागी ने सभी पेंशनर्स से अपील की कि वे सेवानिवृत्ति के बाद भी सामाजिक सेवाओं और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं और अपने अनुभव का लाभ समाज को दें। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स समाज का एक अनुभवी और जिम्मेदार वर्ग हैं, जिनकी सहभागिता से सामाजिक कार्यों को नई दिशा मिल सकती है।
इस अवसर पर उत्तराखंड सेवानिवृत कार्मिक समन्वय समिति के अध्यक्ष एस. एस. वल्दिया ने सभी पेंशनर्स संगठनों से एकजुट होकर पेंशनर्स की लंबित मांगों के समाधान के लिए शासन को ज्ञापन सौंपने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर को सुबह 11 बजे परेड ग्राउंड के निकट कनक चौक पर सभी पेंशनर्स एकत्र होंगे, जिसके बाद सचिवालय जाकर मुख्य सचिव को ज्ञापन दिया जाएगा।
समारोह में सेवानिवृत्ति डिप्लोमा इंजीनियर फोरम, पेयजल पेंशनर्स एसोसिएशन, उत्तराखंड सचिवालय सेवानिवृत्ति पेंशनर्स एसोसिएशन, उत्तराखंड सेवा निवृत कार्मिक समन्वय समिति सहित विभिन्न विभागों के पेंशनर संगठनों से जुड़े पेंशनर्स बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में दिनेश जोशी, नवीन नैथानी, ठाकुर शेर सिंह, जयपाल सिंह, इन्सारुल हक, एसके अग्रवाल, ओम खत्री, महेंद्र सिंह तोमर, आनंद ध्यानी, दिनेश सुंदरियाल, भगवान सिंह रावत, हरिश्चंद्र कोठियाल, डॉक्टर हरिश्चंद्र गुप्ता, प्रमोद सैनी, पीके शुक्ला, आरसी गर्ग, राजकुमार अग्रवाल, एसके नेगी, एसएन नौटियाल, अनिल पैन्यूली, आरसी उनियाल, पीडी तैलंग, आरपी पंत, बृजराज सिंह, आरके कंबोज, आरएस राणा, एनएस चौहान, कुंवर सिंह, पीएस रावत, प्रदीप बिश्नोई, बीडी जोशी, एपी काला, एससी शर्मा, जगदीश प्रसाद, देवीदास सहित अनेक पेंशनर्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन पेंशनर्स के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष के संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम की जानकारी गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर संगठन देहरादून के कॉर्डिनेटर सुशील त्यागी द्वारा दी गई।




