
देहरादून | राजधानी देहरादून में रविवार सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर सनसनीखेज घटनाएं घटीं। पहली घटना दून अस्पताल के गेट नंबर 5 के पास तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई, जब एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान दिशांत के रूप में हुई है। उसे तत्काल दून अस्पताल की आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई गई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली पेट में लगी थी।
दूसरी घटना आराघर चौक के पास की है, जहां कुछ कार सवारों ने दो पुलिसकर्मियों को रौंद दिया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटनाओं के कारण और संदिग्धों की पहचान को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।




