
सहारनपुर | सहारनपुर जिले के नागल थाना क्षेत्र के गांव गंझेड़ी में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक 18 वर्षीय युवती पर अज्ञात बदमाश ने घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने युवती के गले पर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमलावर की पहचान को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने सूट-सलवार पहन रखा था, जिससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि हमलावर महिला हो सकता है। हालांकि पुलिस इसे भेष बदलने की कोशिश भी मान रही है।
घटना कैसे हुई?
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता आयशा के पिता इदरीश का मकान गांव के किनारे पर है। शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। देर रात आयशा वॉशरूम जाने के लिए उठी, तभी अचानक किसी ने उस पर हमला कर दिया। आयशा की चीख सुनकर परिवार के लोग जाग गए और दौड़कर पहुंचे।
उस समय तक आयशा लहूलुहान हो चुकी थी। उसके गले पर गहरा जख्म था। उसने इशारों में बताया कि अंधेरे में किसी अज्ञात बदमाश ने उस पर हमला किया और मौके से फरार हो गया। परिजन तुरंत आयशा को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। परिवारजन और ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी रोष है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावर की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के किनारे बने मकानों पर पहले भी संदिग्ध लोगों की आवाजाही देखी गई थी, लेकिन इस तरह की घटना ने सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।