
देहरादून। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने संगठन में बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। अगस्त माह में नई प्रदेश टीम की घोषणा से पहले भट्ट पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी कर रहे हैं। इस क्रम में वे पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों और संगठन के अनुभवी पदाधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं।
भट्ट ने दोबारा अध्यक्ष पद संभालने के बाद राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और सांसद अनिल बलूनी सहित कई वरिष्ठ नेताओं से नई टीम को लेकर विचार-विमर्श किया है।
सूत्रों के अनुसार, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रमुखता दी जाएगी। जो पदाधिकारी संगठन में निष्क्रिय रहे हैं या जिनके पास सरकार में भी जिम्मेदारियां हैं, उन्हें हटाया जा सकता है। वहीं, बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पदोन्नति मिल सकती है।
संगठन में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन बनाए रखने पर भी जोर रहेगा। पंचायत चुनाव के बाद अगस्त में नई टीम का ऐलान किया जाएगा।