बेंगलुरु : यहां एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने तंत्र-मंत्र के लिए अपने पालतू कुत्ते की बलि चढ़ा दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह सनसनी खेज मामला बेंगलुरु के महादेवपुरा इलाके का है। यहा पर पश्चिम बंगाल की त्रिपर्णा पाइक नाम की महिला जो कि बेंगलुरु के एक अपार्टमेंट में रहती है। यहां से गुजरने वाले लोगों को एक अजीब सी दुर्गन्ध आने लगी तो स्थानीय लोगों ने नगर निगम को इसकी सूचना दी। जब कर्मचारियों ने आकर जांच की तो त्रिपर्णा ने अधिकारियों को अपार्टमेंट में घुसने नहीं दिया। उसके बाद इस मामले में पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
बताया गया है कि जब पुलिस जांच के लिए महिला के फ्लेट में अंदर घुसी तब वहां उन्हें कुत्ते का शव कपड़े में लिपटा हुआ और सड़ी-गली अवस्था में मिला। साथ ही वहां पर तंत्र-मंत्र के काम आने वाला समान भी मिला। यह पूरा मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर कुत्ते का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि पहले कुत्ते की गला घोंटकर हत्या की गई थी और फिर उसका गला काट दिया गया था।
वहीं महिला के खिलाफ पशु क्रूरता का मामला दर्ज कर दिया गया है। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों का कहना है कि महिला के पास कुल चार लैब्राडोर कुत्ते थे, लेकिन उन्हें संदेह है कि महिला ने एक और कुत्ते की भी बलि दी है। पुलिस ने महिला के खिलाफ उचित कार्रवाई शुरू कर दी है।