
देहरादून। चकराता के प्रसिद्ध टाइगर फॉल में सोमवार को पर्यटकों की चहल-पहल के बीच एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। झील में नहाते समय अचानक ऊपर से एक विशालकाय पेड़ गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक दिल्ली की महिला पर्यटक शामिल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना उस समय हुई जब पर्यटक टाइगर फॉल की झील में स्नान का आनंद ले रहे थे। तभी अचानक एक बड़ा पेड़ जड़ों समेत उखड़कर ऊंचाई से झील में आ गिरा। हादसे की चपेट में आकर दिल्ली निवासी महिला पर्यटक अल्का और सुजोऊ गांव निवासी गीताराम जोशी की मौके पर ही मौत हो गई। चार अन्य पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। पर्यटक झील के किनारे और पानी में थे, तभी ऊंचाई से टूटकर पेड़ सीधे झील में आ गिरा, जिससे भारी अफरा-तफरी मच गई।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
प्रशासन की लापरवाही पर सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि टाइगर फॉल जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। न तो पेड़ों की नियमित जांच होती है, न ही चेतावनी संकेत लगाए गए हैं।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
घटना पर दुख जताते हुए स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही घायलों के इलाज और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद देने की बात कही गई है। यह हादसा एक बार फिर यह सोचने को मजबूर करता है कि लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को कितना सुदृढ़ बनाने की जरूरत है। प्रशासन को चाहिए कि ऐसी घटनाओं से सबक लेते हुए पर्यटकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।





