
बरेली। बरेली में मफलर से गला कसकर युवक की हत्या करने के दो दोषियों को अपर सत्र न्यायाधीश (त्वरित न्यायालय प्रथम) रवि कुमार दिवाकर ने बृहस्पतिवार को उम्रकैद की सजा सुनाई। साथ ही दोनों पर 60 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया गया है। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव चिटौली निवासी जावित्री देवी ने पुलिस को बताया कि गांव का देवेंद्र सक्सेना उनके पति रामबाबू से रंजिश मानता था।
पहले भी दोनों में मारपीट हो चुकी थी। रामबाबू 25 जनवरी 2024 की शाम छह बजे सब्जी लेने गए थे। वह घर नहीं लौटे तो महिला ने आरोप लगाया कि देवेंद्र ने अपने साथियों प्रदीप व महेंद्र के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी है। रामबाबू का शव मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
विवेचना के दौरान देवेंद्र और प्रदीप का नाम मुकदमे से निकाल दिया गया। महेंद्र और एक अन्य आरोपी सत्यपाल का नाम सामने आया। 31 जनवरी 2024 को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके विरुद्ध आरोपपत्र एक जून 2024 को कोर्ट में पेश किया गया। अभियोजन की ओर से आठ गवाह और 16 साक्ष्य पेश किए गए। न्यायालय ने गवाहों को सुनने के बाद सत्यपाल और महेंद्र को दोषी पाते हुए सजा सुनाई है।