
देहरादून। उत्तराखंड में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, भोजनमाताओं और अन्य श्रमिक संगठनों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को लेकर शासन के साथ हुई वार्ता में सकारात्मक सहमति बनने के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। सोमवार को सचिवालय में सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीआईटीयू) के प्रतिनिधिमंडल और शासन के अधिकारियों के बीच सचिव स्तर की बैठक हुई। इसमें मानदेय वृद्धि, सेवानिवृत्ति लाभ, न्यूनतम वेतन और श्रमिकों के कल्याण से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
इससे पहले सीआईटीयू के नेतृत्व में विभिन्न श्रमिक संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर सचिवालय में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के बाद कार्मिक सचिव की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता आयोजित की गई। शासन की ओर से मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि शैलेश बगोली के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास और श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं श्रमिक संगठनों की ओर से सीआईटीयू के प्रांतीय अध्यक्ष महेंद्र जखमोला, राज्य सचिव लेखराज और विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
वार्ता में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि और सेवानिवृत्ति के समय एकमुश्त आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी। इसके लिए हरियाणा की तर्ज पर नियम लागू करने की बात सामने आई। आशा कार्यकर्ताओं की मांगों में लंबे समय से मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुख रहा है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मामले में मानदेय वृद्धि से संबंधित शासनादेश जारी करने पर सहमति बनी। इसके अलावा सेवानिवृत्ति के बाद कल्याण कोष में सरकार की ओर से अंशदान देने और ग्रेच्युटी के मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करने पर भी चर्चा हुई। इन फैसलों को लागू करने के लिए संबंधित विभागों को आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
भोजनमाताओं की मांगों पर भी वार्ता में विचार किया गया। उनके मानदेय में वृद्धि, छंटनी पर रोक और सेवानिवृत्ति के समय आर्थिक लाभ उपलब्ध कराने पर सहमति बनने की जानकारी दी गई। श्रमिक संगठनों ने इन मुद्दों को लंबे समय से उठाते हुए सरकार से आर्थिक सुरक्षा और काम की स्थिरता सुनिश्चित करने की मांग की थी।
बैठक में न्यूनतम वेतन को 42 हजार रुपये किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इस संबंध में श्रम विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही नई श्रम संहिताओं में मजदूरों के हितों के अनुरूप बदलाव करने के विषय पर भी चर्चा हुई।
गौरतलब है कि सीआईटीयू के नेतृत्व में श्रमिक संगठनों ने 18 नवंबर को सचिवालय में महापड़ाव कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा था। सोमवार को हुई वार्ता के बाद संगठनों ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। हालांकि, सहमति से जुड़े प्रावधानों को धरातल पर लागू करने और शासनादेश जारी होने की प्रक्रिया पर आगे की स्थिति महत्वपूर्ण रहेगी।
इस बीच श्रमिक संगठन एक दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली में सैकड़ों की संख्या में शामिल होंगे। संगठन के अनुसार, श्रमिकों के अधिकारों और लंबित मांगों को लेकर यह कार्यक्रम जारी रहेगा।





