
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर *आम आदमी पार्टी* की प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, त्याग, बलिदान और जन- आंदोलन का परिणाम है। राज्य आंदोलनकारियों ने जिस सपने के साथ अलग उत्तराखंड की लड़ाई लड़ी थी, उस सपने को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"

उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में मातृशक्ति की भूमिका ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रही है। प्रदेश की महिलाओं ने आंदोलन के दौरान जिस साहस, संघर्ष और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया, वह देश के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। पहाड़ की महिलाओं ने अपने परिवार, घर-बार और व्यक्तिगत जीवन की परवाह किए बिना राज्य निर्माण की लड़ाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई महिलाओं ने आंदोलन के दौरान असहनीय यातनाएं झेलीं और अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
उन्होंने कहा कि आज बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि जिन महिलाओं के संघर्ष और बलिदान के कारण उत्तराखंड राज्य अस्तित्व में आया, उन्हीं मातृशक्ति के सम्मान और प्रदेश की अस्मिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों राष्ट्रीय दलों के शासनकाल में प्रदेश की छवि को लगातार नुकसान पहुंचा है। महिला सम्मान, सुरक्षा और न्याय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर दोनों दलों की भूमिका प्रदेश की जनता को निराश करने वाली रही है।
प्रदेश अध्यक्षा ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण सहित महिलाओं से जुड़े गंभीर मामलों ने उत्तराखंड की जनता को झकझोर कर रख दिया है। प्रदेश की बेटियों को न्याय और महिलाओं को सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों की भूमिका और राजनीतिक दलों की आपसी खींचतान ने जनता के विश्वास को चोट पहुंचाई है। उत्तराखंड की पहचान देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि और मातृशक्ति के अदम्य साहस की भूमि के रूप में भी रही है। इस पहचान को राजनीतिक स्वार्थों की भेंट नहीं चढ़ने दिया जा सकता।
उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने एक ऐसे उत्तराखंड की कल्पना की थी, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े, महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान मिले, किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले, शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंचें तथा भ्रष्टाचार और राजनीतिक संरक्षणवाद से मुक्त व्यवस्था स्थापित हो। लेकिन आज भी प्रदेश के सामने बेरोजगारी, पलायन, बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा जैसी अनेक चुनौतियां खड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन करने और राज्य निर्माण के शहीदों के सपनों को याद करने का दिन भी है। हमें यह विचार करना होगा कि जिन उद्देश्यों के लिए अलग राज्य की लड़ाई लड़ी गई थी, क्या वे उद्देश्य पूरे हो पाए हैं?
अंत में उमा गौड़ सिसोदिया ने संकल्प व्यक्त किया कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की जनता के अधिकारों, मातृशक्ति के सम्मान, युवाओं के भविष्य और राज्य के मूलभूत विकास के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां शहीदों के सपनों का सम्मान हो, महिलाओं को न्याय मिले, युवाओं को रोजगार मिले और प्रदेश की जनता को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाएं प्राप्त हों।
उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि राज्य स्थापना दिवस पर हम सभी शहीदों के सपनों का विकसित, सुरक्षित, समृद्ध और खुशहाल उत्तराखंड बनाने का संकल्प लें। यही राज्य आंदोलन के अमर शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
शहीदों को श्रद्धांजलि देने वालों में जितेन पंथ , हिमांशु पुण्डीर, राजीव तोमर, अक्षय शर्मा,विनोद बजाज, अफसाना, रेखा सिंह ज्योति आदि मौजूद रहे।




